हिंदी को लोकप्रिय बनाएं, जन जन तक पहुंचाएं।
====================
हिंदी को लोकप्रिय बनाएं, जन जन तक पहुंचाएं।
हिंदी शब्द फारसी भाषा का शब्द है जिसका अर्थ है हिंद। हिंद देश हमारे देश भारत का ही नाम है। इस प्रकार से हिंदी भारत की राजभाषा के साथ-साथ भारत की लोकप्रिय भाषा भी है। हिंदी भाषा हमारे देश की शान, सम्मान तथा पहचान है। हिंदी लोकप्रिय भाषा तो है ही, इसे और लोकप्रिय बनाने के लिए हमें अपने बच्चों तथा अन्य सभी लोगों को हिंदी बोलने के लिए प्रेरित करना चाहिए। इसके लिए हिंदी बालवाड़ी, हिंदी कवि सम्मेलन, तथा हिंदी गीत गायन जैसे कार्यक्रमों का संचालन करना चाहिए जिससे हिंदी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय होगी तथा लोगों तक सरल तरीके से पहुंच सकेगी। हिंदी भाषा में ही बहुतायत मात्रा में हिंदी फिल्मों का निर्माण हो रहा है जिसमें हिंदी गाने भी गाए जा रहे हैं। इससे बहुत ही आसानी से हिंदी जन जन तक पहुंच रही है। हिंदी समाचार पत्र, रेडियो, टेलीविजन भी हिंदी कार्यक्रमों के द्वारा हिंदी को लोगों के बीच पहुंचाने में अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं। हिंदी भाषा को और लोकप्रिय बनाने के लिए हिंदी लेखकों कवियों तथा उपन्यासकारों को हिंदी के सरल भाषा में कविता, गीत, कहानियां तथा उपन्यास लिखना चाहिए जिससे लोग इसे पढ़ने के लिए प्रेरित हों। हमें हिंदी लेखकों, कवियों तथा उपन्यासकारों को प्रोत्साहित व सम्मानित भी करना चाहिए जिससे वे लोग हिंदी साहित्य लेखन में ज्यादा से ज्यादा योगदान देते रहें। इस तरह से हमारी हिंदी अपनी बुलंदियों तक अवश्य ही पहुंचेगी और वहां स्थिर रहकर हमें सिंचित भी करती रहेगी। जय हिंदी, जय हिंद, जय भारत, जय संविधान।
लेखक – बुद्धि सागर गौतम।
( मौलिक व स्वरचित अप्रकाशित रचना )
नौसढ़, गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।